साँची कहे कबीर (कवि : हरिलाल ‘मिलन’)
वर्तमान समय में महाकाव्य और खंडकाव्य जैसे ग्रंथों की रचना अत्यंत दुरूह है। वास्तव में महाकाव्य लिखना अत्यंत श्रमसाध्य और साधनापूर्ण कार्य है। ऐसा प्रबंध काव्य, जो कबीर के जीवन-दर्शन, उनके व्यक्तित्व और उनके विचारों को ध्यान में रखकर रचा गया है, वास्तव में प्रशंसनीय है।
अभिमत के अंतर्गत प्रोफेसर डॉ. चक्रधर त्रिपाठी, जो हिंदी भवन, विश्व-भारती, शांतिनिकेतन के हिंदी विभाग के अध्यक्ष हैं, मानते हैं कि “कबीर की अखंडता और असत्य को ललकारने की शक्ति मुझे प्रिय है।” उपोद्घात में डॉ. राहुल काव्य के सामान्य लक्षणों पर बात करते हैं और कई विद्वानों के प्रसंगों का उल्लेख भी करते हैं। वहीं कोलकाता के गोखले मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रश्मि पांडा मुखर्जी भी पुस्तक पर गहन चर्चा करती हैं। वे कहती हैं कि महाकाव्य के आरंभ में ग्रंथकार ने अपने विशद अध्ययन और कबीर-केंद्रित विषय को परखते हुए उनका यथोचित उल्लेख किया है।
केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक प्रोफेसर हेमराज मीणा ने इसे ‘समकालीन भारतीय काव्य-परंपरा की अप्रतिम उपलब्धि’ बताते हुए कबीर के मूल्यों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला है। इस पुस्तक को कालजयी ग्रंथ बताते हुए डॉ. दयाराम मौर्य ‘रत्न’ महाकाव्य की पंक्तियों को उद्धृत करते हुए लिखते हैं कि कबीर प्रकृति की विलक्षण उपज थे। वे न हिंदू समझे जाते थे, न मुस्लिम। इसी कारण उनका प्रारंभिक जीवन कठिनाइयों से भरा रहा। उनकी शिक्षा-दीक्षा नहीं हो पाई। जन्म हिंदू के घर हुआ और पालन-पोषण मुस्लिम के द्वारा। मानो प्रकृति ने उन्हें मानव-एकता के लिए ही उत्पन्न किया था।
रचनाकार हरिलाल ‘मिलन’ ‘महायात्रा “साँची कहे कबीर” की’ लिखते हुए कहते हैं कि कबीर ऐसे ही महामानव थे, जो अपने साथ नई क्रांतिमयी विचारधारा, आक्रामक संस्कृति एवं आध्यात्मिक चेतना लेकर आए और हर वर्ग, जाति तथा धर्म के लोगों को एकता, सौहार्द व प्रेम का पाठ पढ़ाया।
अब बात इस महाकाव्य के मूल लेखन की! प्रथम सोपान ‘ढाई आखर’ में कवि ने भारत देश का सामान्य परिचय तथा संत कबीर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक चेतना का उल्लेख किया है।
उत्तर में गिरिराज हिमालय
जिसको शीश झुकाता,
दक्षिण में जिसके चरणों में
वृहत् सिंधु लहराता।
जिसको दी प्रकृति ने अद्भुत
रिद्धि-सिद्धि, सुंदरता,
संधि-शांति का पाठ पढातीं
संस्कृति और सभ्यता।

इस प्रकार कवि ने देश के नामों का उल्लेख तथा हिंदू-मुस्लिम एकता का परिदृश्य दिखाया है। इसके बाद द्वितीय सोपान ‘ममता’ में उन्होंने काशी और लहरतारा समेत कबीर के माता-पिता का वर्णन किया है। तृतीय सोपान ‘उत्सर्ग’ में कबीर के बाल-स्वरूप का जिक्र है तथा आसपास के लोगों के विरोध का वर्णन भी। अंततः कबीर को नीरू और नीमा के यहाँ पलने की सहमति दिखाई जाती है। चौथा सोपान ‘चिंतन’ है। इसमें कबीर के बाल्यकाल का जिक्र है। सत्संगों के प्रति उनकी रुचि को भी यहाँ चित्रित किया गया है। पाँचवाँ सोपान ‘संकल्प’ है, जिसमें कबीर द्वारा रामानंद से उन्हें अपना गुरु बनाने के अनुरोध तथा रामानंद द्वारा उसे अस्वीकार किए जाने का उल्लेख है। यहाँ वर्णन है कि कबीर पंचगंगा घाट की सीढियों पर लेट जाते हैं और गुरु रामानंद का पैर पडने पर उठ बैठने का भी प्रसंग है। इसी प्रकार कथा आगे बढती चलती है।
छठे सोपान ‘गृहस्थ’ में कबीर का व्यक्तित्व, उनका अक्खडपन, माता-पिता का परिश्रम और कबीर के विवाह की घटनाओं का अल्प वर्णन मिलता है। यहाँ कुछ प्रसंग और भी जोडे गए हैं, जो संभवतः कवि के शोध पर आधारित दिखाई पडते हैं।

सातवाँ सोपान ‘सृजन’ है। इसमें कबीर को पुत्र-रत्न की प्राप्ति तथा दो पुत्रियों के जन्म और नामकरण, कबीर की गरीबी, भोजन की व्यवस्था करने, आर्थिक परेशानियाँ झेलने और कबीर की दयालुता समेत उनके संघर्षमय जीवन की चर्चा की गई है। इस दौरान उनकी पत्नी लोई के मायके जाने का भी उल्लेख है।
आठवें सोपान ‘निष्ठा’ में कबीर का अक्खडपन और बढता दिखाई देता है। वे स्वयं को गुरु रामानंद का शिष्य घोषित कर देते हैं। इस पर गुरु रामानंद का रोष और पश्चाताप भी वर्णित हुआ है। अंततः रामानंद जी कबीर को अपना सर्वश्रेष्ठ शिष्य घोषित करते हैं। यहाँ कवि ने सुरसुरानंद, सुखानंद, धन्ना, सेन, अनंत, नरहरि, पीपा, कबीर, रविदास, पुरुष, पद्मा, सुरसुरी, दादू, मलूक, घीसा, नानकदेव, गरीबदास, धर्मदास आदि संतों का भी उल्लेख किया है।

नवें सोपान का शीर्षक ‘नेह’ है। इसमें पत्नी लोई का विलाप है और पति से जुडी स्मृतियों का उल्लेख है। अंततः वे पति की आज्ञा मानने का संकल्प लेती हैं। काव्य-पंक्तियाँ कुछ ऐसी हैं—
संतश्रेष्ठ बिन सूना जीवन,
सारी मेधा खोई।
बिछड गई अंबर से अचला,
यों कबीर से लोई।

दसवें सोपान ‘राम’ में कबीर की साधना और भक्ति का चित्रण है। कवि ने अनेक उदाहरण प्रस्तुत किए हैं और अंधविश्वास व पाखंड की परतें खोलने जैसा बिंब रचा है। 11वें सोपान ‘प्रतिभा’ में सिकंदर और कबीर के वाद-विवाद का भी उल्लेख है। इस सोपान में कवि ने दिखाया है कि कबीर लोक को सचेत कर रहे हैं और अनेक कुरीतियों पर कुठाराघात कर रहे हैं। कुछ पंक्तियाँ देखिए—
जागे न सुषुप्त विवेक-बुद्धि, फल क्या वैष्णव कहलाने से,
मोहित न कर सके भाव-लोक, पाया क्या तिलक लगाने से?
12वाँ सोपान ‘उपकार’ अत्यंत सीमित है। इसमें कबीर और नर्तकी के प्रसंगों का उल्लेख है। 13वें सोपान ‘दिशा’ में कबीर की रचनाओं का वर्णन है। इसमें कबीर के संदेश, उपदेश और चेतावनी समेत अनेक भावों को वर्णित किया गया है। कवि ने इसमें विविध विषयों पर कलम चलाई है। छंदों की दृष्टि से यह सबसे बडा सोपान कहा जा सकता है। वहीं अंतिम 14वाँ सोपान ‘एकता’ के रूप में स्थापित है। इसमें कबीर के काशी से मगहर जाने की कथा वर्णित है, जिसमें उल्लेख है कि उन्हें अपने अंतिम समय का ज्ञान हो चुका था और वे एक भ्रांति को तोडने के उद्देश्य से मगहर चले गए। इस सोपान में मगहर की महत्ता, आत्म-तत्व का परम-तत्व में लीन हो जाना, शव के स्थान पर फूलों का मिलना और उन फूलों का हिंदू-मुसलमानों द्वारा बाँट लिया जाना, यह सब दिखाता है कि वे किस प्रकार की शख्सियत थे। इसी प्रकार महाकाव्य का समापन हो जाता है।
₹695 मूल्य के संत कबीर से परिचय कराते इस महाकाव्य को भावना प्रकाशन, दिल्ली ने प्रकाशित किया है।






Too good ✨🌷
सुंदर प्रदर्शन।